हिमाचल में मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले हंगामा, पक्ष और विपक्ष ने आमने-सामने आकर लगाए नारे

शिमला ,25 अगस्त हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के बाहर पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को…

हिमाचल

शिमला ,25 अगस्त

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के बाहर पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और हाथों में तख्तियां लेकर गंभीर आरोप लगाए। विपक्ष ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया।

विपक्ष ने हिमकेयर और सहारा योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं का आरोप है कि इन योजनाओं को कमजोर या बंद किए जाने से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों से मुफ्त इलाज की सुविधा छीनी जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदेश के बच्चे-बच्चे को थी और लाखों हिमाचलियों को इसके माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजना को बंद कर प्रदेशवासियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा से वंचित कर रही है।

जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष के प्रदर्शन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अब से ही विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि प्रदेश की जनता आने वाले समय में उसे सत्ता से बाहर करने वाली है।

सत्ता पक्ष ने महंगाई और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर देश और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर विपक्ष को बात करनी चाहिए, लेकिन इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ आगामी चुनाव लड़ेगी और विपक्ष को सत्ता में वापसी के ख्वाब देखना बंद कर देना चाहिए।

विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के भीतर और बाहर सियासी पारा चढ़ा रहा। आने वाले दिनों में विधानसभा सत्र के दौरान दोनों पक्षों के बीच यह राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।

 अन्य खबरें जानें-

फतेहाबाद में मिस्त्री की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, पांच आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, गांव में मातम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *