कलायत, 6 अक्टूबर
कलायत के नागरिक अस्पताल परिसर में नर्सिंग यूनियन स्टाफ द्वारा राज्य सरकार की ऑनलाइन ट्रांसफर नीति के विरोध में 2 घंटे का जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। अस्पताल परिसर में इकट्ठा होकर नर्सिंग स्टाफ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया।
नर्सों की मांग – मनमानी ट्रांसफर पॉलिसी तुरंत हो बंद
प्रदर्शन के चलते अस्पताल में कुछ समय के लिए व्यवस्था प्रभावित रही, हालांकि कर्मचारियों ने इसे सांकेतिक विरोध करार दिया। प्रदर्शनकारी नर्सिंग स्टाफ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन द्वारा लागू की जा रही मनमानी ऑनलाइन तबादला नीति पूरी तरह से अव्यवहारिक है। इससे कर्मचारियों का बेवजह मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने मांग की कि इस ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए और कर्मचारियों के न्यायसंगत स्थानांतरण एवं उनकी प्राथमिकताओं का ध्यान रखा जाए।
नर्सिंग यूनियन ने उठाई सुरक्षा की मांग
नर्सिंग यूनियन के प्रतिनिधियों ने अपनी सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “हमारी सुरक्षा, हमारी मांग और न्याय स्थानांतरण को नजरअंदाज न किया जाए।” यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य कर्मी दिन-रात जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं, लेकिन उनकी बुनियादी मांगों और सुरक्षा को अनदेखा कर मनमाने फैसले थोपे जा रहे हैं।
मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
विरोध प्रदर्शन के अंत में यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने उनकी जायज मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया और मनमानी तबादला नीति को वापस नहीं लिया, तो वे आने वाले दिनों में अपने इस आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।
अन्य खबरें जानें-



