दिल्ली, 24 जुलाई
नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद 26 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा, “भूख हड़ताल खत्म, जवाबदेही की शुरुआत।” उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लद्दाख के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्होंने अपना अनशन तोड़ा। वांगचुक के अनुसार, पिछले दो दिनों से सरकार के साथ बातचीत चल रही थी और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही उन्होंने अनशन समाप्त करने का फैसला लिया।
सोनम वांगचुक ने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात कर या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था और संसद में नीट पेपर लीक व परीक्षा प्रणाली पर चर्चा कराने का भरोसा दिया था।
आज केंद्र सरकार और CJP के बीच शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दूसरी दौर की बातचीत होगी। इससे पहले 20 जुलाई को हुई बैठक किसी निष्कर्ष पर नहीं निकला था । CJP का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात करेगा।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं आज भी बंद रखी हुई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक समेत 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया।
CJP ने देशभर में पुलिस कार्रवाई के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि छात्रों की मांगें पूरी होने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।



