ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: रोहतक पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि आप ने सबसे पहले अपने 22 उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी की तीसरी सूची भी जल्द ही जारी कर दी जाएगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा में 90 की 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं जयहिंद ने अपने घोषणा पत्र को लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र भी जल्द ही जारी होगा। उन्होंने बताया कि वो अपने घोषणा पत्र के लिए आम लोगों से सुझाव ले रहे हैं, ताकि लोगों के सुझावो को घोषणा पत्र में शामिल कर सकें। आप प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि लोग फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सअप पर अपने सुझाव दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक, नेक, अपराधी ना हो ऐसे उम्मीदवारों को टिकट देगी। आम आदमी पार्टी किसान,वकील,दुकानदार,बेरोजगार युवक को भी चुनाव लड़वाएगी। जयहिंद ने अपने घोषणा पत्र को धर्म ग्रंथ कहते हुए दूसरी पार्टियों के घोषणा पत्रों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने घोषणा पत्र में जो भी वायदे किए, वो पूरे किए। जबकि दूसरी पार्टियों के घोषणा पत्र झूठे होते हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जो अपना घोषणा पत्र जारी किया था, उसे पार्टी ने नकार दिया है, उनका घोषणा पत्र झूठा साबित हो चुका है।


