ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: डबवाली की पूर्व विधायक और जेजेपी नेत्री नैना चौटाला ने आज नारनौंद हलके के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान नैना चौटाला ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी 75 पार का नारा दे रही है, लेकिन अभी टिकट का बंटवारा होने दो तभी पता चलेगा कि ये 75 पार हैं या जमुना पार जाएंगे।
नैना चौटाला ने जेजेपी से निष्कासित किए उमेद लोहान पर बोलते हुए कहा कि जो पार्टी का ना होकर पार्टी के खिलाफ बगावत करे, उसको पार्टी में रहने का कोई हक नहीं है। उनकी सोच पार्टी के प्रति नहीं थी, बल्कि वो स्वार्थ के लिए पार्टी के अंदर थे और जिस व्यक्ति के अंदर स्वार्थ होगा उसको पार्टी में से निकालना ही बेहतर है। नैना चौटाला ने कहा कि अगर उनको टिकट का लालच था, तो ये उनका स्वार्थ था, हमने तो टिकट दादा राम कुमार गौतम को दे दी है।
वहीं, नैना चौटाला ने कहा कि दादा गौतम को टिकट मिलने से कहीं ना कहीं अभिमन्यु को हार का डर महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि 25 तारीख को जेजेपी की सभी टिकटें योग्य उम्मीदवारों को दे दी जाएंगी औऱ इस बार प्रदेश में जेजेपी की ही सरकार आएगी।


