भिवानी, 23 जुलाई
भिवानी में बरसात से पहले नालों की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को विधायक घनश्याम सर्राफ ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के बरसाती नालों और डिस्पोजल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में शिल्ट जमा मिली, जबकि एक जगह पुलिया का लेंटर टूटकर नाले में गिरा मिला, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। हालात देखकर विधायक ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में की जाएगी।
गुरुवार को विधायक घनश्याम सर्राफ सबसे पहले दादरी STF परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने पानी की निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद ढाणा रोड स्थित डिस्पोजल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मोटर पंपों की क्षमता व जल निकासी व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान डिस्पोजल पर कर्मचारियों की हाजिरी भी जांची गई, जहां सभी कर्मचारी मौजूद मिले।
इसके बाद विधायक अधिकारियों के साथ ढाणा रोड से गुजर रहे बरसाती नाले पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नाले में कई स्थानों पर भारी मात्रा में शिल्ट जमा मिली, जिससे गंदे पानी का बहाव रुक गया था। एक स्थान पर पुलिया का लेंटर टूटकर नाले में गिरा मिला, जिसने पानी की निकासी पूरी तरह बाधित कर दी। इसके कारण बारिश और घरों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थिति देखकर विधायक ने मौके पर ही विभाग के SDO और JE को बुलाकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि नालों की तुरंत सफाई कराई जाए और जहां-जहां पानी की निकासी में अवरोध हैं, उन्हें बिना देरी हटाया जाए।
विधायक ने साफ कहा कि यदि विभाग ने लापरवाही बरती तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय तक भेजी जाएगी।
अन्य खबरें जानें-

