कालका-पिंजौर में आवारा सांड का आतंक, बुजुर्ग महिला को सींगों से उठाकर पटका, बाजू टूटी, CCTV में कैद हुई वारदात

पंचकूला, 25 अगस्त पंचकूला के नगर परिषद कालका-पिंजौर के वार्ड नंबर-11 स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में आवारा सांड के आतंक ने एक बुजुर्ग महिला को गंभीर…

पंचकूला

पंचकूला, 25 अगस्त

पंचकूला के नगर परिषद कालका-पिंजौर के वार्ड नंबर-11 स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में आवारा सांड के आतंक ने एक बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर से किसी काम के लिए गली में निकली बुजुर्ग महिला प्रकाशो देवी पर अचानक एक आवारा सांड ने हमला कर दिया। सांड ने अपने सींगों से उन्हें उठाकर उन्हें उछाल दिया और फिर जमीन पर पटक दिया।अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग महिला बुरी तरह घायल हो गईं। जमीन पर गिरने के कारण उनकी दाईं बाजू में फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी काफी चोटें आई हैं।

घायल अवस्था में बुजुर्ग महिला किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने घर पहुंचीं। बाद में हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सेक्टर-6 पंचकूला के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उनकी बाजू में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। आवारा सांड द्वारा बुजुर्ग महिला पर किए गए हमले की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में सांड द्वारा बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने की पूरी घटना दिखाई दे रही है।

बुजुर्ग महिला की पोती निशा ने बताया कि उनकी दादी प्रकाशो देवी घर से बाहर गली में किसी काम के लिए जा रही थीं। इसी दौरान अचानक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों से उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी बाजू टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।

स्थानीय लोगों की मांग है कि आवारा और खतरनाक सांडों को रिहायशी इलाकों से हटाकर सुरक्षित गौशाला अथवा निर्धारित स्थान पर रखा जाए, ताकि किसी और व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े। फिलहाल घायल प्रकाशो देवी का सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, CCTV में कैद इस घटना ने एक बार फिर पिंजौर शहर में आवारा पशुओं की समस्या और उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 अन्य खबरें जानें-

भिवानी में पटवारियों-कानूनगो का धरना, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, पटवारियों ने छोड़ी कलम, सभी काम हुए ठप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *