चंबा, 24 जुलाई
चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत चरोड़ी के गांव खलोग में हो रहे भारी भूस्खलन से गांव के लगभग 8 परिवारों पर खतरा मंडरा गया है। गांव के ऊपर स्थित पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गांव की तरफ आ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण पहाड़ी दरक रही है। मलबा सीधे रिहायशी इलाके की ओर बढ़ रहा है।
रात के समय भूस्खलन और तेज हो जाता है, जिसके चलते ग्रामीण डर के साए में रात गुजारने को मजबूर हैं। ग्रामवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। गांव के कई पक्के मकान भी खतरे की जड़ में आ चुके हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से डंगा निर्माण कार्य तुरंत करवाने और सुरक्षा दीवार व निकासी नालियों की व्यवस्था करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के बीच जान-माल का खतरा लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाले ताकि पूरे गांव को बचाया जा सके।
अन्य खबरें जानें-



