न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : साइबर सिटी के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी क्लास के छात्र प्रद्युमन के मर्डर केस पर हरियाणा के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। शनिवार को पत्रकारों के सवालों के जबाव में मनोहर लाल ने कहा कि प्रद्युमन की हत्या में जो भी दोषी है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मासूम की हत्या जघन्य अपराध है और इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खट्टर ने कहा कि गुरूग्राम में स्कूलों की सुरक्षा के लिए सर्कुलर जारी होंगे। दोषी पाए जाने वाले स्कूल पर भी कार्रवाई की जाएगी। मनोहर लाल ने सख्त लहजे में कहा है कि रेयान स्कूल का रजिस्ट्रेशन भी रद्द हो सकता है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और सरकार की भी इस पर नजर है। प्रशासन को सभी स्कूलों की जांच का आदेश दे दिया गया है। जल्द ही सरकार के पास जांच रिपोर्ट आ जाएगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मनोहर लाल सरकार में बेशर्म मंत्री
हरियाणा की मनोहर सरकार प्रद्युमन की हत्या मामले में सख्त कदम उठाने की बात कह रही है तो उनके मंत्री ही गैर जिम्मेदाराना और बेशर्मी वाला बयान दे रहे हैं। हरियाणा के लोक निर्माण विभाग के मंत्री राव नरबीर ने शनिवार को ऐसी बात कह दी कि सरकार ही कठघरे में खड़ी हो गई। मंत्री ने कहा कि आज जिसे देखो किसी भी मामले की सीबीआई जांच की मांग कर देता है। हुआ ये कि प्रद्युमन की हत्या की जांच सीबीआई से कराने के सवाल पर मंत्री ने यह बेतुका बयान दे दिया। दरअसल हरियाणा ही खट्टर सरकार हो या उसके मंत्री गाहे-बगाहे ऐसा बयान दे देते हैं, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो जाती है। साफ है मंत्री जी को अहसास है कि आम जनता के बच्चे नहीं हैं, बच्चे तो सिर्फ मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के ही होते हैं। आम जनता के लिए पुलिस या सीबीआई होती ही नहीं, शायद मंत्री जी हरियाणा की जनता को इसका अहसास दिला रहे थे।
प्रद्युम्न की हत्या ने खड़े किए कई सवाल
रेयान इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को जिस तरह से प्रद्युमन की हत्या की गई। उसने स्कूल मैनेजमेंट को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। शनिवार को मृत छात्र के परिजनों ने स्कूल के बाहर जोरदार हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना में कई और लोग शामिल हैं जबकि पुलिस ने सिर्फ बस कंडक्टर को ही पकड़ा है। पुलिस को स्कूल मैनेजमेंट पर भी केस करना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने ऐसा कुछ नहीं किया। हो सकता है कि मैनेजमेंट वालों ने पुलिस से सांठगांठ कर ली है। पुलिस ने बताया था कि आरोपी ने छात्र के साथ दुष्कर्म करने में असफल रहने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि क्या आरोपी इसके पहले भी किसी दूसरे छात्र को हवस का शिकार तो नहीं बनाया है। आखिर क्या वजह रही कि सीसीटीवी और तमाम सुरक्षा इंतजाम के बाद भी हत्यारा तेजधार हथियार लेकर स्कूल में आता है और छात्र की हत्या कर देता है।
