सोनीपत, 28 जुलाई
सोनीपत के मुरथल थाना क्षेत्र के पास शराब ठेके पर हुई लूट और सेल्समैन पर जानलेवा हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी आशीष को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी से लूटी गई रकम में से ₹3,900 बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी चोरी की थी और आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि रविवार को एक युवक ठेके पर पहुंचा और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर उसने सेल्समैन के सिर पर शराब की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी करीब 15 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन का बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दीं, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।पुलिस ने आरोपी की पहचान हसनपुर निवासी 22 वर्षीय आशीष के रूप में की। इसके बाद टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 3,900 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और खर्च की गई रकम के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को मुरथल थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल का इस्तेमाल भी इसी वारदात में किया गया था। आरोपी उसी चोरी की बाइक पर सवार होकर शराब के ठेके तक पहुंचा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने बाइक भी अपने कब्जे में ले ली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कोई पहली बार अपराध की दुनिया में नहीं आया है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है, जबकि पानीपत के इसराना थाना में भी लूट का मुकदमा लंबित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी केवल दसवीं कक्षा तक पढ़ा है और उसकी उम्र 22 वर्ष है।फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इसी आधार पर पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच आगे बढ़ा रही है।
अन्य खबरें जानें –
ਕਪੂਰਥਲਾ ਪੁਲਿਸ ਨੂੰ ਮਿਲੀ ਵੱਡੀ ਸਫ਼ਲਤਾ : 1 ਕਿੱਲੋ ਤੋਂ ਵੱਧ ਹੈਰੋਇਨ ਸਮੇਤ 2 ਕਾਬੂ

