कलायत, 5 नवंबर
कैथल में CIA कलायत ने पूंडरी शहर में छापेमारी करते हुए अवैध रूप से पटाखे रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पूंडरी के माता मोहल्ला में एक युवक ने अपने घर में अवैध रूप से पटाखों का जखीरा जमा किया हुआ है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश की। पुलिस को आरोपी के घर से 24 पेटियां पटाखों की बरामद हुई। आरोपी की पहचान शिवम के तौर पर हुई।
गंगा-जमुना, स्काई शॉट समेत कई पटाखे जब्त
पुलिस टीम को तलाशी के दौरान आरोपी के घर से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। जिसमें गंगा-जमुना, स्काई शॉट, फुलझड़ी, फिरकी, अनार, मुर्गा छाप, चटर-पटर सहित अन्य प्रकार के पटाखे शामिल थे। पुलिस द्वारा जब आरोपी से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट मांगा गया तो आरोपी पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



