बठिंडा, 31 जुलाई
पंजाब सरकार द्वारा ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। बठिंडा CIA-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 लाख 10 हज़ार नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। इस मामले में बठिंडा के SP जसमीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए पूरी जानकारी दी।
SP जसमीत सिंह ने बताया कि यह बड़ी बरामदगी सतनाम सिंह नाम के व्यक्ति से की गई है। इस संबंध में सिटी बठिंडा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आरोपी की पत्नी और सोनू मौड़ के नाम भी सामने आए, जिन्हें मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब ड्रग तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।SP ने कहा कि शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि नशीले कैप्सूल पार्सल के ज़रिए मंगवाए जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ कहाँ तैयार किए जा रहे थे, इनका संबंध किन फैक्ट्रियों से है और इनके पीछे और कौन-कौन शामिल है। उन्होंने कहा कि जांच को हर पहलू से आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
बठिंडा पुलिस ने साफ कर दिया है कि ड्रग्स के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरे जानें-


