कैथल में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई,ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

कैथल, 20 अगस्त कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ SP मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल…

कैथल

कैथल, 20 अगस्त

कैथल जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ SP मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की खेप को ट्रक में छिपाकर ले जा रहे चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि SDU की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गश्त पर थी। इसी दौरान ASI जसबीर सिंह की टीम को गांव मोहना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली कि NH-152D पर नारनौल की तरफ से एक लाल रंग का आइसर 6 टायरी ट्रक नंबर PB-11-CN-9737 आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने NH-152D पर मोहना टोल से करीब एक किलोमीटर दूर अंबाला की तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ समय बाद नारनौल की ओर से उक्त लाल रंग का ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच की।ट्रक चालक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव सफदरपुर, जिला पटियाला, हाल निवासी राजपुरा, पंजाब के रूप में हुई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में ट्रक की नियमानुसार तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान ट्रक में ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए मिले।

पुलिस को ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाकर रखे हुए दिखाई दिए। जांच करने पर ट्रक से कुल 22 कट्टे बरामद हुए। नियमानुसार जांच के दौरान इन कट्टों से कुल 488.600 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर लिया है। SDU से मौके पर पहुंचे ASI तरसेम कुमार द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि नशीले पदार्थ की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि नशे की इस खेप के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।

अन्य खबरें जानें –

भिवानी में 59वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स-बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं जारी, खिलाड़ियों ने दिखाया दम, बॉक्सिंग का फाइनल मुकाबला आज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *