अमृतसर, 15 नवंबर
अमृतसर पुलिस को मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन सिंह उर्फ ’मैड संधू’ की हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। अमृतसर पुलिस ने दो और संदिग्धों जोबन और दीपक को गिरफ्तार किया है। जोबन पर मुख्य शूटर को पनाह देने का आरोप है, जबकि दीपक को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। जिसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि उसने सरेंडर किया है ।वह सोमवार तक दिल्ली पुलिस की रिमांड पर है और मंगलवार को अमृतसर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी।
मैड संधू केस में 10वां आरोपी गिरफ्तार
इससे पहले इस केस का पहला शूटर गुजरात पुलिस की मदद से पकड़ा जा चुका है।इस मामले की गहराई से जांच करते हुए पुलिस ने तरनतारन निवासी ‘जोबन’ को भी गिरफ्तार किया है, जिसने शूटरों को पनाह दी थी। जोबन अमृतसर इलाके में हुलिया बदलकर घूम रहा था। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस पूरे नेटवर्क में अब तक कुल 10 आरोपियों को दबोचा जा चुका है, जिन्होंने हत्या में अलग-अलग भूमिकाएं निभाई थीं। बता दें कि मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन सिंह उर्फ ’मैड संधू’ की हत्या 3 अक्टूबर 2026 की शाम को अमृतसर के लोहारका रोड पर हुई थी।उसे सरेआम गोलियां मारी गई थी।
विदेश से जोरा चला रहा पूरा गैंग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे गिरोह को विदेश में बैठा तरनतारन का ही एक कुख्यात अपराधी ‘जोरा’ संचालित कर रहा है। जोरा कुख्यात गैंगस्टर अर्श डल्ला की तर्ज पर अपनी असली पहचान छिपाकर काम करता है। पुलिस के अनुसार, मैडी संधू की हत्या किसी फिरौती के लिए नहीं, बल्कि केवल दहशत फैलाने और अपना नाम चमकाने के उद्देश्य से की गई थी। जोरा गरीब और नाबालिग लड़कों को पैसों का लालच देकर अपराध की दुनिया में धकेलता है।
अन्य खबरें जानें –



