लुधियाना 2 जुलाई
पंजाब में 108 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। लुधियाना के सिविल अस्पताल में हुई ‘108 एंबुलेंस एम्पलाइज एसोसिएशन पंजाब’ की बैठक में प्रदेशभर से करीब 150 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार करते हुए 15 दिन का अल्टीमेटम देने का फैसला किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर काम कर रहे हैं और लगातार सरकारों द्वारा किए गए आश्वासनों के बावजूद उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं। उनका कहना है कि वे आपातकालीन सेवाओं में लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थायी नियुक्ति और वेतन संबंधी सुधार नहीं मिले हैं।
एसोसिएशन के अनुसार, 2023 में हुए आंदोलन के दौरान वेतन वृद्धि का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक उसका पूर्ण लाभ नहीं मिला है। वहीं, ओवरटाइम भुगतान और अन्य बकाया मुद्दों को लेकर भी नाराजगी जताई गई है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारियों ने 108 एंबुलेंस सेवा को निजी कंपनी से हटाकर सीधे सरकार के अधीन करने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने, बकाया वेतन वृद्धि लागू करने और ओवरटाइम भुगतान जल्द से जल्द जारी करने की मांग रखी है।
आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर सरकार ने उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो राज्यभर में प्रदर्शन किया जाएगा। पहले चरण में एंबुलेंस सेवाएं एक दिन के लिए बंद की जा सकती हैं, जिसके बाद आंदोलन को अनिश्चितकाल तक बढ़ाने की चेतावनी दी गई है।
कर्मचारियों के इस ऐलान से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
अन्य ख़बरें जानें-
LUDHIANA उत्तर में 1.30 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक सनातन भवन, कैबिनेट मंत्री ने किया शिलान्यास

