9 साल की बच्ची को ले गया तेंदुआ, जंगल में मिला शव

National news: टिहरी जिले में घनसाली के भौड़ गांव में 9 वर्षीय मासूम बच्ची को तेंदुआ दिनदहाड़े घर के आंगन से उठा ले गया. जब…

National news: टिहरी जिले में घनसाली के भौड़ गांव में 9 वर्षीय मासूम बच्ची को तेंदुआ दिनदहाड़े घर के आंगन से उठा ले गया. जब तक घरवालों को घटना की भनक लगती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. काफी खोजबीन के बाद मासूम बच्ची का क्षत-विक्षत शव गांव से कुछ दूर जंगल की झाड़ियों में पड़ा मिला.

जब तेंदुआ बच्ची को घर से उठा ले गया. उस वक्त उसकी मां खेत में काम करने गई थी. बच्ची आंगन में खेल रही थी. वहीं उसके भाई-बहन अंदर कमरे में सो रहे थे. तभी तेंदुआ आंगन में आ धमका और बच्ची को उठाकर ले भागा. कुछ देर बाद जब मां घर आई तो बच्ची कहीं नजर नहीं आई.

घर में नहीं दिखी बच्ची तो मां को हुआ शक इसके बाद बदहवास मां और आसपास को लोगों ने खोजबीन शुरू की. कुछ दूरी पर बच्ची के खून से सने चप्पल मिले. फिर कुछ और दूर जंगल की ओर जाने पर झाड़ियों में बच्ची का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ मिला. इसके बाद मां दहाड़ मारकर रोने लगी. बच्ची के पिता विदेश में नौकरी करते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम भी वहां पहुंच गई.

कुछ दिन पहले भी एक किशोर पर किया था हमला
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी तेंदुए ने गांव के एक किशोर पर हमला करने की कोशिश की थी. साथ ही कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है. इसके बाद ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग को सूचना दी. मगर वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. इस कारण यह बड़ी घटना हुई है.

गांव के लोग बच्ची का शव घटनास्थल से उठाने को तैयार नहीं हुए. वह तेंदुए को मारने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद पूर्व विधायक और वन विभाग की टीम पूरी रात घटनास्थल पर ही डटी रही. तब जाकर आदमखोर तेंदुए को मार गिराने का आदेश जारी किया गया. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *