मुंबई, 5 अगस्त
हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
प्रदीप रावत के निधन की जानकारी उनके साथ फिल्म लगान में काम कर चुके अभिनेता यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि साझा कर दी। वहीं, उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने भी निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि कैंसर दोबारा लौट आने के बाद पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत लोकप्रिय टीवी नाटक महाभारत से की थी।जिसमें उन्होने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय क्षमता का परिचय दिया।
हिंदी सिनेमा में उन्होंने लगान, सरफरोश, गजनी, आवारापन, ग्रैंड मस्ती और बैजू बावरा जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। तमिल फिल्म गजनी (2005) में उनके डबल रोल को दर्शकों ने खूब सराहा, जिसके बाद उन्होंने हिंदी रीमेक गजनी में भी वही भूमिका निभाई। दक्षिण भारतीय सिनेमा में उन्होंने तेलुगु फिल्म Sye से कदम रखा और कई चर्चित फिल्मों में खलनायक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।
अपने प्रभावशाली अभिनय और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले प्रदीप रावत का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया है।
अन्य खबरें जानें –
कॉकरोच जनता पार्टी की आज अहम बैठक, आगे की रणनीति तैयार करेगा संगठन



