यमुनानगर, 17 जुलाई
हरियाणा के यमुनानगर के छछरौली थाना इलाके के नत्थनपुर गांव में एक 31 वर्षीय JCB चालक आकिल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। आकिल का शव एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर में खून से लथपथ हालत में मिला है। मृतक के शरीर पर चेहरे, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इस खौफनाक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यमुनानगर का नत्थनपुर गांव उस वक्त दहल उठा जब कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर में काम करने वाले जेसीबी ड्राइवर आकिल का शव संदिग्ध और लहूलुहान हालत में पाया गया। आकिल के नाक से खून बह रहा था और उसके शरीर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने के साफ निशान थे। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने वाला था। वारदात की सूचना मिलते ही मृतक का भाई आदिल और पिता घटनास्थल पर पहुंचे, जहां आकिल मृत अवस्था में पड़ा था। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते अनिल, रामदास और पुजारी नाम के तीन युवकों ने आकिल को बेरहमी से पीटा जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि हमें टेलीफोन के जरिए सूचना मिली थी कि नत्थनपुर गांव में कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी में एक युवक आकिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के भाई आदिल के बयान के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए स्पेशल रिपोर्ट इलाका मजिस्ट्रेट और उच्च अधिकारियों को भेज दी है। लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कैसे रंजिश के चलते एक बेकसूर मजदूर की जान ले ली गई। अब देखना यह होगा कि यमुनानगर पुलिस इन फरार आरोपियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।
अन्य खबरें जानें –

