S Jaishankar-Amir Khan Muttaqi Meet:
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी इस भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. अफगानिस्तान में तालिबन सरकार के बनने के बाद मुत्ताकी की ये पहली भारत की यात्रा है. इसी बीच आज दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शुक्रवार को विदेश मंत्री जयशंकर और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के बीच मुलाकात हुई. इस बैठक में अफगानिस्तान ने साफ कर दिया कि तालिबान भारत को अपना दोस्त मानता है और वह दोस्ती की लाज रखते हुए अपनी धरती पर कभी भारत विरोधी गतिविधियों की इजाजत नहीं देगा. यह 2021 में सत्ता संभालने के बाद से भारत और तालिबान शासन के बीच पहली उच्च-स्तरीय कूटनीतिक बातचीत थी.
किसी भी समूह को अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं करने देगा-
भारत को काबुल के रुख का आश्वासन देते हुए मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान किसी भी समूह को किसी अन्य देश के खिलाफ अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं करने देगा. मुत्ताकी ने जयशंकर संग मुलाकात के दौरान कहा, ‘अफगानिस्तान में हाल ही में आए भूकंप में भारत सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाला देश था. अफगानिस्तान भारत को एक घनिष्ठ मित्र मानता है. हम आपसी सम्मान, व्यापार और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित संबंध चाहते हैं. हम अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए एक परामर्शदात्री तंत्र बनाने को तैयार हैं.’
मुत्ताकी ने जमकर की भारत की तारीफ-
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुत्ताकी ने एस जयशंकर से मुलाकात के बाद कहा कि अफगानिस्तान ने कभी भी भारत के खिलाफ बयानबाजी नहीं की है और हमेशा भारत के साथ अच्छे संबंधों को महत्व दिया है. आगे कहा कि अफगानिस्तान आपसी सम्मान, व्यापार और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित संबंध चाहता है.
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी विकट परिस्थिति में भारत अफगानिस्तान के साथ खड़ा रहा. उन्होंने कहा कि जब अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप आया था, उस वक्त भारत पहला देश था जिसने मानवीय प्रयासों के साथ प्रतिक्रिया दी. अफगानिस्तान भारत को एक घनिष्ठ मित्र के रूप में देखता है.
‘भारत के खिलाफ नहीं दिया एक भी बयान’-
दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आयोजित एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक दौरान अपने शुरुआती भाषण में मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान कभी भी किसी को अपने क्षेत्र का इस्तेमाल दूसरों के खिलाफ करने की अनुमति नहीं देगा. आगे कहा कि अमेरिकी कब्जे के दौरान कई उतार-चढ़ाव आए. उस समय हमने कभी भारत के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया. बल्कि, हमने हमेशा भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की कोशिश की.
मिस्री के साथ मुलाकात का किया जिक्र
इसी साल जनवरी के महीने में दुबई में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री समेत अन्य अधिकारियों के साथ अपनी मुलाकात पर भी मुत्ताकी ने प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि हमारे संबंध केवल व्यापार तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यवसाय, संस्कृति, खेल और अन्य संबंधों से भी जुड़े हैं जो हमें एक साथ जोड़ते हैं. मुझे खुशी है कि यहाँ दिल्ली में, हम दोनों देशों के बीच समझ बढ़ाने और अपने संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ने में सक्षम हुए हैं.



