लिविंग इंडिया/ऑनलाइन डेस्क: 9 जनवरी का दिन इंसानियत के लिए शर्मसार करने वाला रहा। जी हाँ, पाकिस्तान में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी, मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कासुर का है। जहाँ आठ साल की बच्ची जैनब को किडनैप कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसके कुछ दिन बाद उसका शव कचरे के ढेर में पड़ा मिला।
आपको बता दें कि बच्ची अपने मामा के यहाँ आई हुई थी और जिस समय हादसा हुआ बच्ची के माता-पिता सऊदी अरब में थे। इस घटना के बाद जहाँ पूरा पाकिस्तान गुस्से में है। और देश में आक्रोश की अग्नि जल रही है वहीं इस अग्नि की आंच अब भारत तक पहुंच गई है। लोग अपराधी को कड़ी से कसी सजा दिलाने की मांग कर रहें है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों पर लोग इंसाफ की मांग करते हुए जस्टिस फॉर जैनब की मुहीम चला रहें है।
कहते है जनाज़ा जितना छोटा होता है उतना ही भारी होता है। और पूरा समाज उसके बोझ तले दब जाता है।
ये जनाज़ा कितना भारी था ये तो एक माँ ही समझ सकती है। क्योंकि उस आठ साल की नन्ही जान को किस बात की सजा मिली इसका जवाब शायद कोई नही दे पायेगा, लेकिन माँ बाप के लिए उनकी संतान ही उनका संसार होता है। उन्होंने सोचा भी नही होगा कि उनके घर लौटते ही उनका संसार खत्म हो जायेगा। वहीं बच्ची के पिता ने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा, ”जैसे मेरी दुनिया ही खत्म हो गई। मेरे पास शब्द नहीं हैं।”
फ़िलहाल, इस मामले को सोशल मीडिया पर निर्भया कांड के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि इस कांड के बाद सारे देश में आक्रोश पैदा हो गया था और आज यही स्थिति हमारे पडोसी देश में देखी जा रही है। लोगों में इतना आक्रोश बढ़ गया कि लोगों ने सरकारी इमारतों, कारों और एक स्थानीय राजनेता के कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। जिसमे पुलिस ने फायरिंग शरू कर दी जिसमे दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।
एक पाकिस्तानी टीवी एंकर ने तो अपना आक्रोश कुछ अलग तरीके से करने का सोचा, उन्होंने लाइव टीवी में अपनी बच्ची को गोद में बिठाकर पूरा बुलेटिन पढ़ा और एक माँ का दर्द बयाँ किया। इस दौरान उनकी आँखों से आंसू भी निकल आयें थे। देखा जाये तो कब तक महिलाओं और बच्चियों को इस हैवानियत का शिकार होना पड़ेगा, ऐसी घटना विश्व के किसी भी कोने में हो यह इंसानियत को झखजोर के रख देती है।
शुरूआती दौर में लोगों में आक्रोश भी रहता है,सरकारों के प्रति गुस्सा भी रहता है, मोमबतियां भी खूब जलाई जाती है, श्रद्दा पुष्प भी खूब चढाये जाते हैं और धीरे धीरे ये अग्नि शांत हो जाती है लेकिन जो अग्नि जैनब और निर्भया ने हमारे दिलों में छोड़ी है वह अग्नि कभी बुझनी नही चाहिए, नही तो ऐसे दरिन्दे इंसानियत को बार बार कुचलते रहेंगे और हम मात्र मूकदर्शक बने रहेंगे।




