ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद पंजाब पुलिस ने उसके गैंग के दूसरे गुर्गों पर दबिश बढ़ा दी है। बुधवार को पुलिस ने गौंडर के एनकाउंटर के बाद फेसबुक पर धमकी देने वाले तीन गैंगस्टर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। जगराओ पुलिस ने गिरफ्तार तीनों गैंगस्टर्स के पास से 6 पिस्तौल, आधा किलो हेरोइन और इनोवा कार भी बरामद किया है। दरअसल, गौंडर की मौत के बाद उसके गुर्गे लगातार पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश में हैं। यही कारण था कि फेसबुक पर पोस्ट करके इन्होंने पुलिस को विक्की गौंडर की मौत का गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे डाली। वहीं पंजाब पुलिस किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। विक्की गौंडर गैंग को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।

हथियार, हेरोइन और हौसले पर कड़ी चोट!
फिल्मों में आपने मुंबई अंडरवर्ल्ड को देखा होगा, जिसमें दिखाया जाता है कि किस दिलेरी के साथ गैंगस्टर पुलिस से मुकाबला करते हैं। अगर पंजाब के गैंगस्टर्स को देखा जाए तो साफ हो जाएगा, इनका स्टाइल पूरी तरह से रील लाइफ से इंस्पायर होता है। हथियार, हेरोइन इनका शौक है। हर तरह के हथियारों का जखीरा इनके पास रहता है। और, अब बात हौसले की। जी हां, पंजाब के गैंगस्टर्स सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। समय-समय पर वो फेसबुक पर आते हैं, हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट करते हैं और धमकी देते हैं। हालात यह हैं कि कई गैंगस्टर्स ऐसे हैं, जो जेल के अंदर रहें या बाहर, उनका फेसबुक पेज हमेशा अपडेट रहता है। विक्की गौंडर का भी फेसबुक पर 12 से ज्यादा अकाउंट था। हकीकत में फेसबुक के सहारे सारी कोशिश युवाओं को खुद से जोड़ने की होती है।
रविवार को भी दो साथी हुए थे गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की OCCU (Organized Crime Control Unit) ने रविवार को गैंगस्टर विक्की गौंडर के 4 साथियों को तरनतारन से अरेस्ट किया था। एक की शिनाख्त अमर जबकि दूसरे की लव के रूप में की गई। दोनों गौंडर को शरण और जरूरत का सामान उपलब्ध कराते थे। पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी, लेकिन इन्हें पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई थी। 26 जनवरी को विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद उसके गैंग में खलबली मच गई। इसी का फायदा उठाते हुए OCCU ने विक्की गौंडर के साथी अमर और लव को गिरफ्तार किया। संभव है इनकी निशानदेही पर ही बुधवार को पुलिस को तीन और गैंगस्टर्स को गिरफ्तार करने में सफलता मिली हो। हालांकि, पुलिस अभी तक गिरफ्तार तीनों गैंगस्टर्स के बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।

