Amritsar:
अमृतसर में ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियारों और हवाला कारोबार के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। ड्रग्स, हथियारों और हवाला के एक इंटरनेशनल नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इसमें 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अफगान नागरिक, तीन अन्य बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं।
1.35 ग्राम हेरोइन, 5 पिस्तौल, 5 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों के पास से 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन, 5 अत्याधुनिक पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में फैला हुआ था और माझा और दोआबा इलाकों में इसकी मजबूत पकड़ थी। पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के ज़रिए ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई करते थे। गिरफ्तार अफगान नागरिक बाज मोहम्मद के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से दिल्ली में रह रहा था। यह अवैध नेटवर्क चला रहा था।
हवाला के ज़रिए पैसों का लेन-देन
कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि आरोपी अंकुश और देशराज समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ भी ड्रग्स तस्करी के मामले दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि नेटवर्क से जुड़े लोग हवाला के ज़रिए पैसों का लेन-देन करते थे, जिसकी वित्तीय जांच की जा रही है। पुलिस दिल्ली समेत कई जगहों पर छापेमारी कर रही है और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस ऑपरेशन से सीमा पार से चल रहे तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का मुख्य मकसद इस गैंग की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ना और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
अन्य ख़बरें जानें-
Kurukshetra Burglary: कुरुक्षेत्र में रिटायर्ड सीएमओ के घर के ताले तोड़कर दिनदहाड़े चोरी
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



