Israel-Iran War News: इजरायल-ईरान जंग के बीच भारत ने ईरान से अपने छात्रों को निकालना शुरू कर दिया है. भारत की पहल से ईरान के उर्मिया मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे लगभग 110 भारतीय छात्रों को सुरक्षित रूप से आर्मेनिया में लाया गया है.
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में भारतीय छात्रों को सुरक्षा कारणों से निकाल लिया गया है और दूतावास द्वारा सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं.
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय दूतावास हर संभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है. बयान में कहा गया, “सुरक्षा कारणों से तेहरान में भारतीय छात्रों को निकाला गया है. इसमें कहा गया है कि जो लोग परिवहन की अपनी व्यवस्था स्वयं कर सकते हैं, उन्हें भी स्थिति को देखते हुए शहर छोड़ने की सलाह दी गई है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, कुछ भारतीयों को अर्मेनियाई सीमा के माध्यम से ईरान छोड़ने में मदद की गई है. मंत्रालय ने कहा कि अस्थिर स्थिति को देखते हुए आगे भी परामर्श जारी किया जा सकता है.
तेहरान में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सभी भारतीय नागरिक जो तेहरान में हैं और दूतावास के संपर्क में नहीं हैं, उनसे अनुरोध है कि वे तुरंत तेहरान में भारतीय दूतावास से संपर्क करें और अपना स्थान और संपर्क नंबर प्रदान करें। कृपया इन नंबरों +989010144557, +989128109115, +989128109109 पर संपर्क करें.
हाल ही में ट्रंप ने ईरान की जनता को तेहरान खाली करने की चेतावनी भी दी. इससे यह संदेश गया कि निकट भविष्य में ईरान और खासकर तेहरान में शांति की गुंजाइश बहुत कम है. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और इजराइल में चल रहे घटनाक्रम के मद्देनजर मंत्रालय में 24×7 नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है.
भारतीय मिशन ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों (पीआईओ) को सलाह दी है कि वे अपने स्वयं के संसाधनों के साथ तेहरान छोड़ दें और शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं. यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष तेज हो गया है और लगातार पांचवें दिन दोनों एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



