कपूरथला 10 जुलाई
जेल में बंद एक हवालाती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने सिविल अस्पताल कपूरथला के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
सिविल अस्पताल की SMO डॉ. परमिंदर कौर ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों का बोर्ड गठित किया गया। न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
DSP सब-डिवीजन सुखपाल सिंह रंधावा ने बताया कि मृतक की पहचान हरप्रीत चाहल पुत्र स्वर्ण दास निवासी तलण, जिला जालंधर के रूप में हुई है। वह मारपीट के एक मामले में फरार चल रहा था। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं उसकी जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
DSP ने बताया कि हिरासत में हुई मौत के मामलों में धारा 176 के तहत न्यायिक जांच कराई जाती है। इस प्रक्रिया के तहत न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरेें जानें –




