नारनौल 7 जुलाई
हरियाणा के नारनौल में एक प्राइवेट स्कूल की बस बच्चों को स्कूल ले जाते समय असंतुलित होकर रोड से गड्ढे में उतर गई। बस गड्ढे में पलटने से बच गई। जिसके चलते बस में बैठे करीब 50 बच्चे, टीचर व बस ड्राइवर बाल-बाल बच गए।
यह हादसा कॉलोनी में होने के कारण लोगों ने बच्चों को जल्दी संभाल लिया। शहर के कुलताजपुर रोड पर स्थित एक प्राइवेट स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। नहर के पार सिंघाना रोड की ओर हीरानगर कॉलोनी में बच्चों को लेने के बाद बस ड्राइवर ने बस को चलाया तो बस रोड से उतर गई। दोनों टायर गड्ढे में गिर गए । हादसे में बस के कंडक्टर साइड के आगे व पीछे के दोनों टायर रोड के साथ गड्ढों में चले गए। गनीमत यह रही है कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
बस के रोड से नीचे उतरते ही बच्चों की चीख पुकार मच गई। जिसके कारण आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल कर आए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला । स्थानीय लोगों के अनुसार उस समय बस में करीब 50 बच्चे थे। बस मैं लेडी टीचर भी सवार थी। किसी भी बच्चे व टीचर को कोई चोट नही आई।
ड्राइवर को सुनाई खरी खोटी
हादसे के बाद वहां पर मौजूद महिलाओं ने ड्राइवर को खरी खोटी सुनाई। महिलाओं का कहना था कि वहां से अन्य स्कूल की बसें भी जाती है। बस के जाने के लिए रास्ता भी काफी है। ऐसे में बस को नीचे कैसे उतार दिया। महिलाओं ने ड्राइवर को कहा कि इतनी उम्र होने के बाद भी बस चलानी नहीं आती क्या।
मौके पर जमा हो गई भीड़
वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही वहां पर अभिभावकों व लोगों की भीड़ जमा हो गई। अभिभावक अपने-अपने बच्चों को संभालते हुए नजर आए। वहीं बच्चे भी डरे-डरे से दिखाई दिए। हादसे की जानकारी लगते ही स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने दूसरी बस का इंतजाम कर बच्चों को स्कूल में पहुंचाया गया। गनिमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं लगी तथा एक बड़ा हादसा होते टल गया।
अन्य खबरें जाने –




