महेंद्रगढ़, 11 नवंबर
महेंद्रगढ़ जिले के चिंडालिया गांव में एक युवक की इलाज के दौरान मौत के मामले में उसके भाई ने अपनी पत्नी और मृतक की पत्नी पर चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
शादी के बाद से ही दोनों परिवारों में था विवाद
पुलिस को दी शिकायत में चिंडालिया निवासी नितेश ने बताया कि उसके बड़े भाई अनिल की शादी सिंघाना में हुई थी। उसकी भाभी का नाम अनु है, जबकि नितेश की पत्नी का नाम नेहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों परिवारों में शादी के बाद से ही विवाद रहता था। नितेश के अनुसार 7 नवंबर को वह नारनौल से वापस घर आया था। कुछ समय बाद उसके भाई अनिल ने तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद वह उसे नारनौल के सिविल अस्पताल लेकर गया। वहां से चिकित्सकों ने अनिल को PGI रोहतक रेफर कर दिया।
चाय में मिलाकर दिया जहर
नितेश ने बताया कि रोहतक में चिकित्सकों ने जांच के बाद डायलिसिस की जरूरत बताई। इसके बाद उसने अनिल को रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां सीटी स्कैन समेत अन्य जांच की गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार डॉक्टरों ने फेफड़ों की गंभीर स्थिति की बात कही।नितेश के मुताबिक अस्पताल में अनिल ने उससे पेन और कागज मांगा और कुछ लिखने की इच्छा जताई। अस्पताल के एक कर्मचारी की मौजूदगी में अनिल ने लिखित बयान दिया। नितेश का दावा है कि इस बयान में अनिल ने अपनी पत्नी अनु और नितेश की पत्नी नेहा पर चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर देने का आरोप लगाया था। बाद में अनिल को PGI ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने की जांच शुरू
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नितेश की शिकायत पर अनिल की मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आज सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 103 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अन्य खबरें जानें –
ਫਿਲੌਰ ਪੁਲਿਸ ਦੀ ਵੱਡੀ ਕਾਰਵਾਈ: 1.5 ਕਿਲੋ ਅਫੀਮ ਸਮੇਤ ਤਸ਼ਕਰ ਕਾਬੂ, ਮੱਧ ਪ੍ਰਦੇਸ਼ ਤੋਂ ਲਿਆਉਂਦਾ ਸੀ ਨਸ਼ਾ



