फरीदकोट, 11 सिंतबर
पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत फरीदकोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।मुख्यमंत्री पंजाब के निर्देशों और DGP पंजाब गौरव यादव द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-54 पर गांव चंदबाजा के पास पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौदागर सिंह उर्फ घुल्ला पुत्र सलविंदर सिंह और कंवलजीत खान उर्फ कर्मू पुत्र मंगा सिंह, दोनों निवासी गांव करमवाला, जिला तरनतारन, के रूप में हुई है।
SSP फरीदकोट बैंस ने बताया कि पुलिस द्वारा यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि हेरोइन की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी। मामले की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकिंग की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
SSP ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।उन्होंने कहा कि उनकी तैनाती के बाद फरीदकोट पुलिस द्वारा हेरोइन की कई बड़ी खेपें बरामद की जा चुकी हैं। SSP बैंस ने कहा कि फरीदकोट पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें दिन-रात काम कर रही हैं और आने वाले दिनों में नशा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –



