न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : बाहुबली सीरीज फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजमौली फिलहाल छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे हैं और वह ‘महाभारत’ पर कोई फिल्म नहीं बना रहे हैं। राजमौली ने यह बयान उन खबरों के बाद दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वो ‘महाभारत’ नाम की फिल्म बना रहे हैं। राजमौली ने सीधे-सीधे शब्दों में कहा है कि वह ‘महाभारत’ के किसी भी प्रोजेक्ट पर काम नहीं कर रहे हैं।
राजमौली ने बताया कि उनका सपना है ‘महाभारत’ पर फिल्म बनाने का। उन्होंने सिर्फ इससे जुड़ा बयान दिया था। लेकिन इस प्रोजेक्ट को शुरू करने में अभी लंबा वक्त पड़ा है। उन्होंने फिलहाल काम से दूरी बना रखी है। वह ‘महाभारत’ से जुड़े किसी प्रोजेक्ट को कब शुरू करेंगे, यह आने वाला वक्त तय करेगा। फिलहाल वह छुट्टियों का आनंद उठा रहे हैं और अपने अगले प्रोजेक्ट के बारे में सोच रहे हैं।
आपको बता दें कि बाहुबली सीरीज फिल्म से राजमौली को वैश्विक पहचान मिली थी। फिल्म के दूसरे पार्ट ने दुनियाभर में एक हजार करोड़ से ज्यादा कमाई की है। बाहुबली सीरीज की पहली फिल्म को भी खासा पसंद किया गया था। एक इंटरव्यू के दौरान राजमौली ने ‘महाभारत’ पर फिल्म बनाने की बात कही थी, जिसके बाद कयासों का दौर शुरू हो गया।
