ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज : करनाल घरौंडा कस्बे में एक विवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन मृतक के परिजनों के सामने उनका झूठ न चल पाया। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घरौंडा की जैल सिंह कालोनी निवासी 28 वर्षीय बिजेंद्र का शव उसके घर में एक कमरे से बरामद हुआ। बिजेंद्र की पत्नी मोनिका ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। जब उन्होंने खिड़की के रास्ते कमरा खोला तो बिजेंद्र फंदे से लटका हुआ था। बिजेंद्र की मौत की खबर पाकर जब उसके परिवार वाले पहुंचे तो मोनिका के बयानों की पोल खुल गई।
बिजेंद्र के पिता पूर्णचंद ने बताया कि उनकी पुत्रवधू मोनिका के इलाके के कर्मवीर गुप्ता के साथ अवैध संबंध थे, जिस कारण मोनिका और बिजेंद्र के बीच झगड़ा होता था। पूर्णचंद ने दावा किया कि बीती रात को भी इन दोनों ने उस पर हमला किया, जिस कारण उसके खून के छींटे गली में फैल गए। एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी मोनिका और उसके प्रेमी कर्मवीर गुप्ता के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।


