नारनौल, 19 नवंबर
नारनौल से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अटेली के गांव नावदी में एक 50 वर्षीय शख्स की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। लाश गांव से बणी की ओर जाने वाले रास्ते के पास खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। हैरानी की बात ये है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और गांव में मांगकर अपना पेट भरता था।मृतक की पहचान बिशन के तौर पर हुई है। मृतक के सिर और माथे पर गहरी चोट के निशान थे, जो साफ गवाही दे रहे थे कि उसे बेहद बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया है।
गांव में मांगकर खाता था बिशन
मृतक बिशन के चचेरे भाई सुबेसिंह के मुताबिक, बिशन के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मानसिक रूप से कमज़ोर होने की वजह से वह गांव में ही घूमता था, लोगों से मांगकर खाता था और अक्सर गांव की चौपाल पर ही सो जाया करता था। लेकिन बीती रात काल बनकर आए किसी अज्ञात हत्यारे ने इस बेसहारा शख्स की जान ले ली।
सीन ऑफ क्राइम टीम ने जुटाए सबूत
वारदात की सूचना मिलते ही अटेली थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से खून से सना एक टाइल का टुकड़ा और एक अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए सील कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इसी टाइल के टुकड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर बिशन की हत्या की गई।
अज्ञात हत्यारे के खिलाफ केस दर्ज
फिलहाल अटेली पुलिस द्वारा अज्ञात हत्यारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कत्ल का मुकदमा दर्ज कर लिया है। नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अन्य खबरें जानें –



