न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : हनीप्रीत एक ऐसा नाम है, जिसे 25 अगस्त की पंचकूला हिंसा के बाद बहुत सुना गया। हनीप्रीत और बाबा राम रहीम के रिश्तों को लेकर खूब बातें की गई। तमाम आरोप लगा दिए गए, लेकिन हनीप्रीत आज भी अपने स्कूल की टीचर्स के लिए एक शांत रहने वाली बच्ची ही है। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि पढ़ाई में औसत प्रदर्शन करने वाली प्रियंका तनेजा नाम की लड़की कब हनीप्रीत बन गई। कब उस पर देशद्रोह के आरोप लग गए और वो पुलिस रिमांड पर चली गई।
डेरा से जुड़ने के बाद बदल गई किस्मत
इसे समय का फेर ही कह सकते हैं कि एक आम लड़की हनीप्रीत डेरा सच्चा सौदा से जुड़ गई। डेरा से जुड़ने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। पहले जिस बाबा गुरमीत राम रहीम ने उसकी शादी कराई बाद में शायद उसी के कारण हनीप्रीत को तलाक देना पड़ा। घरवाले तो पराए हो गए, शादी के कुछ सालों बाद वो पति भी दूर हो गया जिसके साथ उसने जीने-मरने की कसमें खाई थी। डेरा में काम करने के दौरान हनीप्रीत खबरों में कम आती थी और जब आने लगी तो हर तरफ उसके ही चर्चे हैं।
बचपन से नाचना-गाना करती थी पसंद
हनीप्रीत ने फतेहाबाद के डीएवी स्कूल से पढ़ाई की थी और उसके टीचर्स आज भी उसका चेहरा याद करके बताते हैं कि वो पढ़ाई में अच्छी नहीं थी। बस उसकी कोशिश परीक्षा में पास होने की रहती थी। लेकिन, उसे बचपन से ही नाचने-गाने का शौक था। दूसरी लड़कियों की तरह वो ज्यादा बातचीत नहीं करती थी, लेकिन जब भी बात नाचने-गाने की होती थी उसका प्रदर्शन लाजवाब रहता था। लेकिन किसी को नहीं मालूम था कि स्कूल से निकलने के सालों बाद प्रियंका तनेजा हनीप्रीत बन चुकी थी।
माता-पिता भी डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी
आज भी उसके टीचर्स को भरोसा नहीं हो रहा कि खामोश सी दिखनी वाली लड़की प्रियंका तनेजा ही हनीप्रीत है। दरअसल, जब राम रहीम को रेप के आरोप में जेल भेजा गया तब जाकर उन्हें मालूम हुआ कि प्रियंका तनेजा ही हनीप्रीत है। हनीप्रीत के पिता रामानंद तनेजा और मां आशा तनेजा भी राम रहीम के अनुयायी थे। माता-पिता के कारण ही प्रियंका डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी थी। जिसके बाद बाबा राम रहीम ने उसे गोद लेकर उसका नाम प्रियंका तनेजा से बदलकर हनीप्रीत कर दिया था।
सलाखों के पीछे से कोस रही अपनी किस्मत
14 फरवरी 1999 को हनीप्रीत और विश्वास गुप्ता की शादी कराई गई। बाबा गुरमीत राम रहीम ने हनीप्रीत को तीसरी बेटी घोषित कर दिया। लेकिन हनीप्रीत-विश्वास का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक सका। उसने खुद को डेरा के कामों के साथ ही फिल्म निर्माण से जोड़ लिया। वो चाहती थी कि दर्द से भरी दुनिया उसकी मुस्कुराहटों से छिपी रहे। लेकिन हनीप्रीत की किस्मत हमेशा उसे दगा देती रही। आज हनीप्रीत फिर किस्मत की मार के कारण सलाखों के पीछे है और बस किस्मत को कोस रही है।
