KMP एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण हादसा, गो-तस्करी चेकिंग टीम पर चढ़ाया ट्रक, एक पुलिस जवान की मौत, ASI गंभीर रूप से घायल

 नूंह 9 जुलाई नूंह के मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में गांव गोयला के करीब गुरुवार को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया…

नूंह
 नूंह 9 जुलाई

नूंह के मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में गांव गोयला के करीब गुरुवार को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया ।जिसमें पुलिस विभाग के एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक ASI गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव गोयला की सीमा में उस समय हुआ, जब पुलिस टीम गोवंश से भरे एक वाहन को कब्जे में लेने के बाद उससे संबंधित कार्रवाई कर रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुनहाना CIA की टीम को गोवंश से भरे एक वाहन के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए ले जाना शुरू किया।

इसी दौरान वाहन तकनीकी खराबी के कारण KMP एक्सप्रेसवे पर खराब हो गया, जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। बताया जाता है कि उस समय पुलिसकर्मी वाहन के पास मौजूद थे। इसी बीच मानेसर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े गोवंश से भरे खराब वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पास खड़े पुलिस जवान गिरीश ट्रक की चपेट में आ गए और टायर के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं ASI मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायल ASI मुकेश को उपचार के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन तथा टक्कर मारने वाले ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया है।

अन्य खबरें जाने –

BAHADURGARH में बारिश से भरा पानी ,कहीं बच्चों ने की पानी में मस्ती तो कहीं युवक ने जान जोखिम में डालकर किया स्टंट, वायरल हुआ वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *