हॉकी विश्व कप 2026 का आगाज कल यानि कि 15 अगस्त से होने जा रहा है। पहली बार पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। जिसकी मेजबानी बेल्जियम औऱ नीदरलैंड्स मिलकर कर रहे हैं। विश्व कप के सभी मुकाबले दो वेन्यू पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट करीब 16 दिन तक चलेगा और कुल 50 मुकाबले खेले जाएंगे।
भारतीय पुरूष हॉकी टीम जहां 51 साल बाद दूसरी बार खिताब अपने नाम करने उतरेगी, वहीं महिला हॉकी टीम पहली बार खिताब जीतकर इतिहास रचने की कोशिश करेगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब तक 15 बार विश्व कप में हिस्सा ले चुकी है। भारत ने 1975 में कुआलालंपुर में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहली और अब तक की एकमात्र विश्व कप ट्रॉफी जीती थी।
51 साल बाद हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका है। भारत को ग्रुप स्टेज में वेल्स, इंग्लैंड और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करना है।
19 अगस्त को भारत-पाकिस्तान मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी विश्व कप का मुकाबला 19 अगस्त 2026 को शाम 6:30 बजे खेला जाएगा। हॉकी के मैदान पर पाकिस्तान पिछले करीब एक दशक से भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सका है। ऐसे में हरमनप्रीत की टीम इस दबदबे को बरकरार रखना चाहेगी।
भारतीय पुरूष हॉकी टीम का शेड्यूल
भारतीय हॉकी पुरूष टीम अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ शाम 4.30 बजे खेलेगी। उसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड के साथ शाम 6:30 बजे मुकाबला होगा।19 अगस्त को भारत का सामना पाकिस्तान के साथ होगा जो मैच शाम को 6.30 बजे खेले जाएगा।
महिला टीम की नजर पहली विश्व कप ट्रॉफी पर
भारतीय महिला हॉकी टीम भी इस बार इतिहास रचने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली टीम ने अब तक विश्व कप नहीं जीता है। इस बार भारत का ग्रुप स्टेज अभियान 16 अगस्त को चीन के खिलाफ शुरू होगा। इसके बाद टीम दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से भिड़ेगी।
भारतीय महिला टीम का शेड्यूल:
भारतीय महिला हॉकी टीम का पहला मुकाबला चीन के साथ 16 अगस्त शाम 4:30 बजे होगा।भारतीय महिला टीम का दूसरा मैच 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका के साथ शाम 6:30 बजे होगा।भारतीय टीम का सामना 20 अगस्त को इंग्लैंड के साथ शाम 6:30 बजे होगा।
32 टीमें लेंगी हिस्सा
पुरुष और महिला दोनों टूर्नामेंट में 16-16 टीमें हिस्सा लेंगी। कुल 32 टीमों को चार-चार टीमों के चार ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप स्टेज में हर टीम तीन मुकाबले खेलेगी। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद क्रॉसओवर राउंड में टीमें आगे बढ़ेंगी और यहां से शीर्ष टीमों को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। इस बार टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल के मुकाबले नहीं खेले जाएंगे।
फाइनल मुकाबले
महिला विश्व कप का फाइनल 29 अगस्त को खेला जाएगा, जबकि पुरुष विश्व कप का खिताबी मुकाबला 30 अगस्त को रात 8 बजे शुरू होगा। दोनों फाइनल के दिन ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले भी खेले जाएंगे।
अन्य खबरें जानें –
Earthquake: नासिक से चंबा और अफगानिस्तान तक 4 बार ड़ोली धरती, अफगानिस्तान में दो झटके



