प्रशांत महासागर में स्थित दुनिया के तीसरे सबसे छोटे देश नाउरू ने अपनी राष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। देश ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर ‘रिपब्लिक ऑफ नाओएरो‘ कर लिया है। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने भी अपने रिकॉर्ड में देश का नया नाम लागू कर दिया है।
करीब 12 हजार की आबादी वाले इस द्वीपीय देश की सरकार का कहना है कि ‘नाओएरो‘ उसकी स्थानीय भाषा में देश का वास्तविक और पारंपरिक नाम है, जबकि ‘नाउरू‘ विदेशी लोगों की सुविधा के लिए प्रचलन में आया था। अब देश अपनी मूल सांस्कृतिक पहचान और विरासत के साथ दुनिया के सामने जाना चाहता है।
राष्ट्रपति डेविड एडांग ने जनवरी में संसद में प्रस्ताव पेश करते हुए कहा था कि इस बदलाव का उद्देश्य देश की भाषा, संस्कृति और पहचान का सम्मान करना है। सरकार के अनुसार, विदेशियों के लिए स्थानीय नाम का उच्चारण कठिन होने के कारण पहले ‘नाउरू’ नाम अपनाया गया था, लेकिन अब पारंपरिक नाम को आधिकारिक मान्यता दी गई है।
नाम बदलने के साथ ही देश का अंतरराष्ट्रीय कोड NRU से बदलकर NRO कर दिया जाएगा। वहीं, यहां के नागरिकों को अब ‘नाउरुआन’ की जगह ‘देई-नाओएरो‘ कहा जाएगा। नए नाम का उच्चारण ‘नाउ-एरो’ होगा।
इस फैसले के साथ रिपब्लिक ऑफ नाओएरो 21वीं सदी में अपना आधिकारिक नाम बदलने वाला आठवां देश बन गया है।
अन्य खबरें जानें-
पंजाब सरकार राज्य में “हमारे राम” नाटक की व्यापक पेशकारी करवाएगी: तरुनप्रीत सिंह सौंद



