चंडीगढ़, 28 नवंबर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS), फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) इस रविवार, 29 नवंबर को ‘संडेज़ ऑन साइकिल‘ (SOC) के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का जश्न मनाने के लिए एक साथ आएंगे। इस ऐतिहासिक संस्करण का नेतृत्व माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा पिंपरी-चिंचवड, पुणे में किया जाएगा, जबकि देश भर से मशहूर हस्तियां, खेल जगत के दिग्गज और हजारों फिटनेस प्रेमी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी सहित 100 प्रतिष्ठित स्थानों से उनके साथ जुड़ेंगे।
1.5 लाख स्वयंसेवक चलाएंगे साइकिल
भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के अधीनस्थ पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख (यूटी) केन्द्रों में कुल 12 स्थानों पर भी संडे ऑन साइकिल के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।SOC के 100वें संस्करण में 1.5 लाख से अधिक ‘माय भारत‘ स्वयंसेवक भाग लेंगे, और इस दौरान प्रतिभागी ‘नशा मुक्त भारत‘ की शपथ भी लेंगे।
ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम
इस उत्सव की गूंज देश के हर जिले में सुनाई देगी, जहां भारतीय ओलंपिक आंदोलन के जश्न में एक साथ अभियान चलाया जाएगा।SOC का 100वां संस्करण उत्कृष्टता , सम्मान और मित्रता के मुख्य ओलंपिक मूल्यों को समर्पित है। इसकी थीम भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम“ रखी गई है। इस आयोजन का उद्देश्य भारत की खेल उत्कृष्टता का जश्न मनाना, एक फिट भारत का निर्माण करना और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की राष्ट्र की आकांक्षा को बल देना है।
फिटनेस और सस्टेनेबिलिटी का संगम
फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल‘ की शुरुआत दिसंबर 2024 में माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन में हुई थी। अब यह एक साप्ताहिक कार्यक्रम बन गया है। जो माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़“ और “मोटापे के खिलाफ लड़ाई“ के दृष्टिकोण को मजबूत करता है। यह पहल न केवल फिटनेस और स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) को बढ़ावा देती है, बल्कि शहरों, कस्बों और गांवों के समुदाय को एक साथ लाकर उत्सव के रूप में साइकिल चलाने के लिए प्रेरित करती है।
सुबह 6 बजे शुरू होगी विशाल साइकिल रैली
100वां संस्करण इस यात्रा में एक बड़ा मील का पत्थर है, जो सभी उम्र के नागरिकों को स्वास्थ्य, भारत और ओलंपिक के सपने के लिए एक साथ साइकिल चलाने के लिए प्रेरित कर रहा है।चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में यह कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे शुरू होगा, जिसके लिए प्रतिभागियों से सुबह 5:30 बजे तक पहुंचने का अनुरोध किया गया है। सुबह के इस सत्र में एक विशाल साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेल जगत के दिग्गजों व फिटनेस प्रेमियों के साथ संवाद शामिल होगा।
फिट इंडिया मूवमेंट सभी नागरिकों को इस राइड में शामिल होने और इस ऐतिहासिक जश्न का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता है।
अन्य खबरें जानें –



