ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पंजाब के बार्डर इलाकों से हेरोइन की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। वहीं बार्डर इलाकों के नौजवान हेरोइन तस्करी में इस कदर संलिप्त हैं कि मोटे मुनाफे के लालच में वे अपनी जिंदगी के साथ साथ पंजाब की जवानी को बर्बाद करने में लगे हुए हैं। खन्ना पुलिस ने एक ऐसे ही तस्कर को गिरफ्तार किया है जिससे 20 करोड़ कीमत की 4 किलो हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है, जो कि थाना गोइंदवाल साहिब का रहने वाला बताया जा रहा है | आरोपी युवक बैग में चार किलो हेरोइन छिपाकर मोटरसाइकिल पर लुधियाना से खन्ना की तरफ जा रहा था | जिसे दोराहा में हाईटेक नाके पर काबू कर लिया गया |
एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि पुलिस पार्टी ने दोराहा में हाईटेक नाके पर लुधियाना की तरफ से सर्विस लेन से मोटरसाइकिल सवार एक नौजवान को रोका | जिसने अपनी पीठ पर बैग लटकाया हुआ था। पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह नाका तोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस की मुस्तैदी से उसे काबू कर लिया गया। बैग की तलाशी लेने पर इसमें से 4 पैकेट, जिन्हें खाकी रंग की टेप से लपेटा हुआ था, बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट में से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई।

