ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सिरसा स्थित गुरमीत राम रहीम के डेरे में 400 साधुओं को नपुंसक बनाए जाने के मामले में सीबीआई कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई में आरोपी गुरमीत राम रहीम वीसी के जरिए पेश हुआ तो बाकी दो आरोपी पंकज गर्ग और एमपी सिंह की हाजरी माफी लगाई है। सीबीआई द्वारा हाई कोर्ट में लगाई गई याचिका पर फैसला पेंडिंग होने के चलते आज सीबीआई कोर्ट में कोई कार्रवाई नहीं हुई और आरोपियों की केवल हाजिरी ही लगी। अब सीबीआई कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 7 अप्रैल को होगी।
बता दें, पिछली सुनवाई में बचाव पक्ष ने कोर्ट में याचिका लगाई थी और याचिका लगाकर सीबीआई से शिकायतकर्ताओं के बयानों की कॉपी की मांग की थी। जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने बचाव पक्ष को शिकायतकर्ताओं के बयानों की कॉपी तो दे दी थी लेकिन कुछ बयानों की कॉपी नहीं दी थी। जिसके बाद सीबीआई ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर हाईकोर्ट से अपील की थी और कहा था कि वह बाकी के बयानों की कॉपी बचाव पक्ष नहीं दे सकती।

