REWARI में खाना फ्री में नहीं मिला तो बरपाया कहर ,पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में तीन बदमाश पकड़े

रेवाड़ी 10 जुलाई रेवाड़ी शहर के झज्जर चौक पर फ्री में खाना नहीं मिलने पर रेहड़ी संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने…

रेवाड़ी

रेवाड़ी 10 जुलाई

रेवाड़ी शहर के झज्जर चौक पर फ्री में खाना नहीं मिलने पर रेहड़ी संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को रेवाड़ी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने न केवल रेहड़ी संचालक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि रेहड़ी पर रखा पूरा तैयार खाना भी सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम झज्जर चौक पर एक रेहड़ी संचालक ग्राहकों को खाना परोस रहा था। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और फ्री में खाना मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से रेहड़ी संचालक पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने रेहड़ी पर रखा तैयार भोजन भी सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद देर शाम आरोपियों का ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल कराया गया। मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी आने पर आरोपियों को पैदल ले जाया गया। इस दौरान सामने आई तस्वीरों में तीनों आरोपी लड़खड़ाते हुए चलते दिखाई दिए। शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर रहा और स्थानीय लोग इसे अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं।

रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रेवाड़ी पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून हाथ में लेने वाले और आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य खबरेें जानें  

PANCHKULA POLICE बनी बेजुबान पशुओं की जीवनरक्षक, घग्गर नदी की उफनती धारा के बीच 25 गायों और बछड़ों को सुरक्षित निकाला बाहर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *