ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी हर वर्ग को साधने की पूरी कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों के लिए कैबिनेट बैठक में बड़ा निर्णय लिया है। दरअसल, खेल नीति में बड़ा संशोधन किया गया है। अब हरियाणा की ओर से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में खेलने वाले टीम खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत खिलाड़ी के बराबर नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
खेल नीति के अनुसार हरियाणा सरकार ओलंपिक ओर पैरालंपिक्स में स्वर्ण पदक जीतने पर खिलाड़ी को बतौर व्यक्तिगत पुरस्कार छह करोड़ रुपये देती है। कैबिनेट के निर्णय अनुसार अब टीम में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को सरकार छह-छह करोड़ रुपये ही देगी।
अब दिया जाएगा समान नकद पुरस्कार
एशियाई, कॉमनवेल्थ व अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीतने वाली टीमों के खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत खिलाड़ी के समान नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली राशि टीम में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को मिलेगी।



