Hardeep Singh Puri Epstein Files:
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज बजट पर चर्चा के दौरान संसद में एपस्टीन फ़ाइल्स का मुद्दा उठाया और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने प्रतिक्रिया दी है. हरदीप पुरी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, आज उन्होंने (राहुल गांधी) सदन की कार्यवाही के दौरान एपस्टीन फ़ाइल्स के संदर्भ में मेरा नाम लिया… उन्होंने कहा, एपस्टीन से जुड़ी 30 लाख फ़ाइलें रिलीज़ हुई हैं और न्यूयॉर्क में आठ साल रहा, जहां मैं संयुक्त राष्ट्र में भारत का राजदूत बनकर 2009 में पहुंचा था और 2017 में मैं मंत्री बना और आठ सालों में संभवतया तीन या चार मीटिंग का संदर्भ है.
हरदीप पुरी ने कहा, पिछले साल नवंबर में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मेरे पास आए और कहा कि ‘कुछ नाम दिलचस्प जगह पर आए हैं.’ उसके बाद मैंने युवा नेता राहुल गांधी को बताने का फैसला किया और मैंने कहा कि उन्हें एक नोट भेजूंगा. उन्होंने कहा, इस नोट में मैंने लिखा कि संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत के पद से रिटायर होने के कुछ महीने बाद मुझे इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (आईपीआई) में आमंत्रित किया गया था. आईपीआई के अध्यक्ष ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री थे, उस कुख्यात व्यक्ति, एपस्टीन, को जानते थे और मैं आईपीआई में महासचिव था. इस तरह मेरा परिचय हुआ था.
हरदीप पुरी का कहना था कि एपस्टीन से जुड़े मामलों से उनका कोई लेना देना नहीं है और जो भी मेल से बातचीत हुई है वो सार्वजनिक है. दरअसल राहुल गांधी ने दावा किया था कि अनिल अंबानी का नाम एपस्टीन फ़ाइल्स में है और हरदीप पुरी ने उनका एपस्टीन से परिचय कराया था.



