न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : चुनाव आयोग ने बुधवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा कर दी। चुनाव आयोग ने बताया कि गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होंगे, जबकि नतीजों का ऐलान 18 दिसंबर को होगा। पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर मतदान होगा। मतदान का अधिसूचना 14 नवंबर को जारी होगी, जबकि 21 नवंबर को नामांकन की आखिरी तिथि होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तिथि 24 नवंबर तक रहेगी। पहले चरण में कुल 2.11 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।
दूसरे चरण में 14 जिलों के 93 सीटों के लिए मतदान होगा। इसकी अधिसूचना 20 नवंबर को जारी की जाएगी। 22 नवंबर तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। 30 नवंबर तक नाम वापसी का आखिरी दिन होगा। दूसरे चरण में कुल 2.21 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव की तिथि घोषित होने के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त एके जोति ने बताया कि 182 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में कुल 4.33 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे।
इस बार मतदान के लिए कुल 50,128 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। जिसमें कुल 102 पोलिंग स्टेशन का पूरा जिम्मा महिलाओं के हाथों में रहेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक उम्मीदवार को अधिकतम 28 लाख रूपये तक खर्च करने की छूट दी जाएगी। प्रत्येक बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। संवेदनशील बूथों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। गुजरात के हालातों की जानकारी लेकर मतदान के तिथि की घोषणा की गई है। इसलिए घोषणा में देरी के आरोप को सही नहीं ठहराया जा सकता।
