Goldy Brar:
पंजाब पुलिस के आतंकी गोल्डी बराड़ के माता-पिता की गिरफ्तारी के बाद अब बौखलाहट नजर आ रही है। इसी बीच उसका एक धमकी भरा ऑडियो संदेश तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उसने पंजाब सरकार और पुलिस अधिकारियों को खुली चुनौती दी है। ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने कहा है कि पुलिस कर्मचारियों, नेताओं और मंत्रियों के बच्चे व रिश्तेदार विदेशों में बसे हुए हैं और अगर वह चाहे तो रोज एक व्यक्ति को मारा जा सकता है। वायरल ऑडियो में आतंकी गोल्डी बराड़ खुद को पहचानते हुए कहता है कि पुलिस की एजेंसियां उसे पकड़ने में नाकाम रही हैं। इसलिए उसके मां-बाप को निशाना बनाया जा रहा है।
उसने कहा कि उसके माता-पिता को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इससे वह डरने वाला नहीं है। ऑडियो में गोल्डी बराड़ कहता है कि उसने किसी निर्दोष व्यक्ति को नहीं मारा है, लेकिन अगर वह चाहे तो रोज एक आदमी मारा जा सकता है। उसके लोग पूरी दुनिया में फैले हुए हैं और पुलिस सिर्फ पंजाब तक सीमित है। उसने चेतावनी दी कि अगर उसके परिवार को तंग किया गया तो वह भी उसी तरीके से जवाब देगा।
इसी बीच मोहाली में बुधवार को हुई एक और हत्या की जिम्मेदारी भी गोल्डी बराड़ ने ली है। मोहाली में गुरप्रीत सिंह नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी और इस मामले में भी गोल्डी बराड़ ने के अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इससे पहले भी वह 2020 में हुए गुरलाल सिंह बराड़ हत्याकांड से जुड़े एक आरोपित की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है। बताया जा रहा है कि पंजाब में गोल्डी बराड़ के खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें हत्या, रंगदारी, धमकी और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने सोमवार को अमृतसर के एक होटल से गोल्डी बराड़ के पिता शमशेर सिंह और मां प्रीतपाल कौर को गिरफ्तार किया था।ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि भले ही नहीं हुई हो, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवाज गोल्डी बराड़ की ही प्रतीत होती है। इस वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अन्य ख़बरें जानें-
Budget Speech: बजट सत्र से पहले मोदी का भाषण, बोले- अब हम रिफॉर्म एक्सप्रेस पर चल पड़े हैं



