न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : हरियाणा से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान शुरू किया गया था। कोशिश थी कि इससे बेटियों को समाज में बराबरी का दर्जा मिलेगा, वहीं हरियाणा में सेक्स रेशियो में सुधार आएगा। लेकिन हरियाणा बेटियों के लिए नरक बनता जा रहा है। एक बार फिर एक बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है, यह मामला हरियाणा के सोनीपत जिले का है। जहां की एक लड़की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ईमेल भेजकर खुद पर गुजरी खौफनाक दास्तान का जिक्र किया है।
दरअसल, लड़की गोहाना के एक पब्लिक स्कूल की छात्रा है। उसने गुमनाम ईमेल भेजकर सारी आपबीती बताई है, जबकि स्कूल के दो कर्मचारियों पर ही रेप का आरोप लगाया है। छात्रा ने ईमेल में जिक्र किया है कि अगर उसे न्याय नहीं मिलता है तो उसके पास खुदकुशी के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं बचेगा। ईमेल के सामने आते ही पुलिस ने हरकत शुरू कर दी है। साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई है। स्कूल मैनेजमेंट ने दोनों कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। जिनसे पूछताछ जारी है।
गुमनाम ईमेल में लड़की ने लिखा है, PM अंकल मुझे बचा लीजिए। मेरे साथ स्कूल के दो कर्मचारियों ने बुरा काम किया है। लेकिन मैंने अपनी सहेली को बचा लिया है। ईमेल के बाद भी अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो मैं स्कूल में ही खुदकुशी कर लूंगी। छात्रा ने ईमेल में जिक्र किया है कि दोनों आरोपियों ने उसकी सहेली के साथ भी रेप करने की कोशिश किया, जिसे उसने बचा लिया है। लड़की ने एस्टेट ऑफिसर सुखबीर सिंह और अकाउंटेंट कर्मबीर पर रेप का आरोप लगाया है।
आपको बता दें कि बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम के खिलाफ भी पीड़िता ने चिट्ठी लिखकर आरोप लगाए थे। चिट्ठी की जांच के बाद आरोप सही पाए गए और गुरमीत राम रहीम को कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई। दूसरी तरफ, एक छात्रा ने भी गुमनाम ईमेल भेजकर खुद के साथ हुई बर्बरता का जिक्र किया है। भले ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन यह आने वाला वक्त ही बताएगा कि आखिर कब हरियाणा की बेटियां सही मायनों में पढ़ेंगी और जिंदगी में आगे बढ़ेगी।
