न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अलग तरह की फिल्म बनाने के लिए मशहूर इम्तियाज अली फिर से हाजिर हैं फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ लेकर। इस फिल्म की खासियत है शाहरूख खान औऱ अनुष्का शर्मा, जो इससे पहले ‘रब ने बना दी जोड़ी’ और ‘जब तक है जान’ फिल्म में परदे पर साथ-साथ दिख चुके हैं। ‘जब हैरी मेट सेजल’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई और फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्देशक, संगीतकार, सभी को उम्मीद है कि फिल्म लोगों की उम्मीद पर खरी उतरेगी।
इम्तियाज अली ने खुद ही फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है और निर्देशन भी किया है। पहली बार वो शाहरूख के साथ काम कर रहे हैं तो शाहरूख को उम्मीद है कि अनुष्का उनकी लकी चार्म बनेंगी। शाहरूख और अनुष्का ने फिल्म के प्रोमोशन में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ी। यहां तक कि फिल्म के हर गाने को अलग-अलग अंदाज में रिलीज किया गया। ध्यान देने वाली बात यह है कि ‘जब वी मेट’ की सफलता के बाद इम्तियाज उसी नाम से मिलता-जुलता फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ लेकर आए हैं। फिल्म की कहानी भी पिछली फिल्म के जैसी ही रखी गई है।
पंजाबी टूरिस्ट गाइड हरिंदर सिंह नेहरा (शाहरुख खान) और गुजराती लड़की सेजल झावेरी (अनुष्का शर्मा) की यूरोप में मुलाकात होती है। इसके बाद कहानी आगे बढ़ती जाती है, अब फिल्म में कैसे-कैसे टर्न और ट्विस्ट आते हैं, ये तो आपको फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा। समीक्षकों की मानें तो फिल्म रिलीज के साथ रफ्तार पकड़ लेगी। वहीं पहले हफ्ते में ठीकठाक बिजनेस का अंदाजा लगाया गया है। लेकिन वक्त ही बताएगा कि शाहरूख-अनुष्का-इम्तियाज की तिकड़ी क्या गुल खिलाती है।


