ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: उत्तर भारत समेत पूरे देश में मानसून दस्तक दे चुका है। हरियाणा में मानसून के दौरान आने वाली संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अभी से अलर्ट हो गया है। अंबाला प्रशासन ने अपने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। इसके साथ ही अंबाला प्रशासन ने धार्मिक और सामाजिक संस्थानों से भी आपदा प्रबंधन के समय सहयोग की अपील भी की है।
अंबाला में हालांकि अभी मानसून कमजोर है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। मानसून में आने वाली बाढ़ को लेकर प्रशासन ने रेस्क्यू से जुड़े सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने आपदा के समय जिले की धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से भी मदद मांगी है, जिससे बाढ़ आने की स्थिति में लोगों को उनके पास ठहराया जाए सके। हालांकि एसडीएम सुभाष सिहाग ने अंबाला में बाढ़ की संभावना न के बराबर होने का दावा किया, लेकिन साथ ही उन्होंने हर स्थिति के लिए प्रशासन के तैयार रहने का भी दावा किया।

सरकारी अपील के बाद जिले की धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं ने भी प्रशासन को पूरी मदद का भरोसा दिया है। पंजाबी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव बीएस बिंद्रा ने कहा कि प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठक की है। उन्होंने अपनी ओर से हर प्रकार की मदद का भरोसा दिया है। इसी प्रकार से अग्रवाल सभा के उप प्रधान उमेश गुप्ता ने भी अग्रवाल धर्मशाला में लोगों के ठहरने और खाने-पीने के पूरे प्रबंध करने का दावा किया है।
किसी भी प्रकार की आपदा आने के बाद समाज सेवी संगठन और धार्मिक संस्थानों की मदद के बिना प्रशासन कुछ नहीं कर सकता। शायद यहीं कारण है कि इस बार समय रहते अंबाला प्रशासन ने जिले की समाज सेवी संस्थाओं के अलावा धार्मिक संगठनों से भी बात कर ली है, क्योंकि बाढ़ के समय अकेला प्रशासन कुछ नहीं कर सकता। अंबाला प्रशासन के प्रबंधन को देखते हुए फिलहाल ये कहा जा सकता है कि बाढ़ आने की स्थिति में वहां कम से कम लोगों को समय रहते मदद मिल पाएगी।


