भिवानी, 27 जुलाई
हरियाणा के भिवानी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब निर्वाचन विभाग दूसरे चरण की तैयारी में जुट गया है। SDM एवं निर्वाचन अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि 31 जुलाई से दावे और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
SDM महेश कुमार ने बताया कि पहले चरण में BLO ने घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए और मतदाताओं से भरवाकर वापस लिए। 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 36 हजार 285 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 96 हजार 902 फॉर्म प्राप्त हुए हैं, जो कुल 83.33 प्रतिशत है।
SDM महेश कुमार के अनुसार, अब दूसरे चरण में 31 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक मतदाता अपने नाम, जन्म तिथि, पिता के नाम या अन्य त्रुटियों को ठीक कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र में 11 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) की नियुक्ति की गई है, जिन्हें अलग-अलग पोलिंग स्टेशनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार,विधानसभा क्षेत्र में 15,463 मतदाता अनुपस्थित (Absent), 13,367 स्थानांतरित (Shifted), 8,764 मृत (Dead) और 1,679 डुप्लीकेट श्रेणी में पाए गए हैं। इस तरह कुल 40,599 मतदाता ASD और अन्य विसंगतियों की सूची में शामिल हैं। इन सभी मामलों में निर्धारित अवधि के दौरान दावा या आपत्ति दर्ज कर सुधार कराया जा सकता है।
पत्रकारों के सवाल पर SDM महेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जो मतदाता अनुपस्थित रहने के कारण सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर दोबारा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी घोषणा पत्र भी जमा करना होगा। विभाग ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध करा दिए हैं, ताकि नए मतदाता नाम जुड़वा सकें और पुराने मतदाता आवश्यक संशोधन करा सकें।निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 31 जुलाई से 30 अगस्त के बीच अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर लें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराकर मतदाता सूची में अपना रिकॉर्ड सही करवाएं।
अन्य खबरें जानें –



