Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में हो रहे महायज्ञ में शामिल होने आए ब्राह्मणों पर गोली चलाई गई. ब्राह्मणों ने बासी खाना खाने का विरोध किया था, जिस पर यज्ञ में आए बाउंसरों ने ब्राह्मणों पर गोलियां चला दीं. इसमें एक ब्राह्मण घायल हो गया. उन्हें तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना से गुस्साए ब्राह्मणों ने थीम पार्क के सामने सड़क जाम कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
ब्राह्मणों का आरोप है कि उन्हें बासी भोजन परोसा गया. वे लगातार इसका विरोध कर रहे थे. इस मुद्दे पर कल सुबह 9:30 बजे उनमें झगड़ा हुआ. इस बार यज्ञ आयोजकों के सुरक्षा गार्डों ने उन पर गोलियां चला दीं. इसमें लखनऊ से आए आशीष तिवारी को गोली लग गई.
इस घटना से नाराज ब्राह्मणों ने थीम पार्क के सामने सड़क जाम कर दी. वहां पत्थरबाजी भी हुई. सड़क किनारे लगे बैनर और पोस्टरों को लाठियों से पीटकर फाड़ दिया गया. वे सड़क पर उतर आए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया.
सूचना मिलने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर आंदोलनकारी ब्राह्मणों को तितर-बितर कर दिया, लेकिन बड़ी संख्या में ब्राह्मण अभी भी सड़कों पर जमा हैं. वे बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ब्राह्मणों का आरोप है कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी कारण से परेशान कर रहे थे. अगर कोई भी इधर-उधर घूमता दिखता तो उसे थप्पड़ मारे जाते या डंडे से पीटा जाता.
गुस्साए ब्राह्मणों ने पार्क के सामने सड़क पर प्रदर्शन किया और यज्ञशाला का दरवाजा भी तोड़ दिया. इसके अलावा वहां से गुजरने वाले बस जैसे यात्री वाहनों को भी रोक दिया गया. कुछ चालकों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें लाठियों से वापस लौटा दिया गया.
जानकारी के अनुसार, यह महायज्ञ 18 मार्च से चल रहा है, जिसमें 1500 से अधिक ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया था. आपको बता दें कि केशव पार्क में 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ 18 मार्च से शुरू हुआ था. इसमें देश भर से 1,500 से अधिक ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया था. यज्ञ के आयोजकों ने इन ब्राह्मणों के आवास और भोजन की व्यवस्था की.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



