यमुनानगर, 22 अक्टूबर
यमुनानगर की महादेव कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों के घरों तक घरेलू गैस पहुंचाने वाली PNG पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। एक दुकान के सामने लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। आग की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को आग से दूर किया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पाइपलाइन की गैस सप्लाई पीछे से बंद करवाई, जिसके बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
काम के दौरान हुआ हादसा
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में गैस पाइपलाइन पर काम किया जा रहा था। लोगों के मुताबिक, काम के दौरान गैस सप्लाई बंद करने की बात कही गई थी, लेकिन कथित तौर पर गैस बंद नहीं की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
प्रशासन द्वारा जांच जारी
हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल तथा पाइपलाइन से दूर रखा। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
अन्य खबरें जानें –
Kalayat में बिजली निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों ने दफ्तर पर जड़ा ताला, ग्रामीण परेशान



