कुरुक्षेत्र , 17 जुलाई
कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के कार्यालय के सामने किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किया गया।
किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला फूंककर ट्रेड डील के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान संगठनों द्वारा प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पूरे देश में लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में किसान मजदूर मोर्चा और देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। किसान नेताओं का कहना है कि यदि यह ट्रेड डील किसानों के हितों के विपरीत लागू होती है तो इससे देश के कृषि क्षेत्र और किसानों की आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से पहले किसानों और कृषि संगठनों से व्यापक चर्चा करनी चाहिए, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रह सकें।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार से ट्रेड डील से जुड़े सभी पहलुओं को सार्वजनिक करने और किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में किसान इसमें शामिल रहे।
अन्य खबरें जानें –

