ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:- नेशनल हाइवे पर बने टोल प्लाजा को पार करने के लिए कुछ लोग पुलिस के फर्जी पहचान पत्र का सहारा ले रहे है। ऐसा ही एक मामला बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक नेशनल हाइवे पर रोहद टोल प्लाजा से सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा पर एक क्रेटा कार में आए कुछ युवकों को जब टोल कर्मचारियों ने रोका तो कार चला रहे युवक ने उन्हें पुलिस का डीएसपी रैंक का पहचान पत्र दिखाया। पर टोल कर्मचारियों ने पहचान लिया कि ये पहचान पत्र नकली है।
इसके बाद खुद को घिरा देखकर युवक कार लेकर मौके से फरार हो गए। टोल कर्मचारियों की ओर बरामद किए गए फर्जी पहचान पत्र पर हरियाणा पुलिस लिखा होने के साथ नाम राजेंद्र सिंह और रैंक डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस लिखा हुआ है।
कार्ड के दूसरी ओर पीपली की सरस्वती कालोनी का पता और एक एमरजेंसी मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। इस मामले पर टोल मैनेजर नागेंद्र कुमार का कहना है कि फर्जी पहचान पत्र के जरिए रोजाना करीब 50 व्यक्ति टोल पार करते हुए पकड़े जाते है। इस बारे में हमेशा पुलिस को शिकायत दी जाती है। डीएसपी के बरामद हुए कार्ड को लेकर भी पुलिस को शिकायत दी जाएगी। फिलहाल पुलिस का कोई भी अधिकारी इसके बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।


